लॉकडाउन के दौरान मिल रहे जन सहयोग का किया जिक्र
मुख्यमंत्री श्री विजय रूपाणी ने कोरोना वायरस से उपजी विकट स्थिति में घोषित लॉकडाउन के दौरान राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों, व्यवस्थाओं और जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए संवेदनापूर्ण कार्यों को लेकर समाज के प्रतिष्ठित अग्रणियों, कथावाचकों, संतों के साथ रविवार को गांधीनगर में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से वीडियो संवाद किया।
श्री विजय रूपाणी इससे पूर्व टेक्नोलॉजी के सुचारू विनियोग के रूप में सीएम डैशबोर्ड और जनसंवाद केंद्र के जरिए चिकित्सकों, कोरोना के उपचाराधीन मरीजों, पुलिस कर्मियों और सरपंचों के साथ संवाद कर चुके हैं।
इसी कड़ी में आज श्री रूपाणी ने सुप्रसिद्ध रामायणी संत श्री मोरारी बापू, भागवत कथावाचक पूज्य रमेशभाई ओझा तथा पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता श्री केशुभाई पटेल, फिल्म, नाट्य और संगीत जगत के विख्यात कलाकार परेश रावल, दीपिका चिखलिया और विक्रम ठाकोर के साथ वार्तालाप किया।
मुख्यमंत्री ने राज्य में लॉकडाउन को मिल रहे जन सहयोग के अलावा बताया कि संकट के इस हालात में नागरिक घर पर ही रहकर और सोशल डिस्टेंसिंग यानी सामाजिक दूरी बनाकर कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम में सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों के लिए अपने व्यक्तित्व और कृतित्व के माध्यम से प्रभावी और मार्गदर्शक बने इन महानुभावों से महत्वपूर्ण सुझावों की अपेक्षा भी व्यक्त की।
पूज्य मोरारी बापू और रमेशभाई ओझा सहित सभी ने कोरोना की स्थिति से निपटने को राज्य सरकार के आयोजन, उपचार सुविधाओं और जन जागरूकता के प्रचार-प्रसार पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री को बधाई दी।
उन्होंने राज्य के सभी नागरिकों से भी अपनी स्वास्थ्य रक्षा के लिए लॉकडाउन के नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की और यह भरोसा दिलाया कि इस संकट काल में सभी सरकार के साथ खड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने संवाद के दौरान राज्य के महानगरों सहित जिला मुख्यालयों में कोरोना के उपचार के लिए स्पेशल कोरोना हॉस्पिटल की सेवाओं और वेंटिलेटर की उपलब्धता तथा आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति के लिए सुनिश्चित की गई व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सीएम डैशबोर्ड के जरिए मुख्यमंत्री ने की प्रसिद्ध संतों, कथावाचकों और कलाकारों से बातचीत
Views 134