पश्चिम बंगाल में आज पंचायत चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं. लेकिन नामांकन के दिन से जो हिंसा शुरू हुई थी, वो आज पोलिंग के दिन भी थमती नहीं दिख रही है. राज्य में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ था. जिसके बाद कई इलाकों से बम धमाके, मारपीट, मतदान पेटी जलाने, बैलेट पेपर फेंकने और फायरिंग जैसी हिंसक घटनाओं की खबरें आ रही हैं. इस हिंसा में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि सुबह 11 बजे तक 26.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है.
पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा में अब तक कुल 5 लोगों की मौत हो गई है. दक्षिण 24 परगना जिले में 3, मुर्शिदाबाद में 1 और उत्तर 24 परगना जिले में 1 व्यक्ति की मौत हुई है. मरने वालों में 3 सीपीएम कार्यकर्ता, 1 टीएमसी और 1 बीजेपी कार्यकर्ता शामिल है. आरोप है कि हिंसा में अलग-अलग पार्टी के कार्यकर्ता एक दूसरे को निशाना बना रहे हैं. इसी संघर्ष में अब तक अलग-अलग पार्टियों के 5 कार्यकर्ता जान गंवा चुके हैं. जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल बताए जा रहे हैं.
आरोप है कि सीपीएम कार्यकर्ता तैबूर के ऊपर बम फेंकने के बाद वो घायल हुए, जिसके बाद उनकी मौत हो गई. टीएमसी कार्यकर्ताओं पर इस घटना को अंजाम देने का आरोप है.
आसनसोल में बमबारी
आसनसोल जिले के रानीगंज में बांसरा इलाके से बमबारी की खबर है. यहां वोटिंग शुरू होने से पहले ही बम विस्फोट की घटना हुई, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है. हालांकि, ये किसकी हरकत है इसका अभी पता नहीं लग पाया है.
20 जिलों में चुनाव
राज्य में 621 जिला परिषदों , 6157 पंचायत समितियों और 31827 ग्राम पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं. चुनाव के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और असम, ओडिशा, सिक्किम और आंध्र प्रदेश से लगभग 1,500 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया
सुप्रीम कोर्ट का आदेश
बंगाल में काफी विवाद के बाद पंचायत चुनाव हो रहे हैं. सत्ताधारी टीएमसी पर दूसरी पार्टी के उम्मीदवारों को नामांकन से रोकने के आरोप लगने के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया था. जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने 10 मई को अपने आदेश में कहा था कि राज्य चुनाव आयोग ऐसे उम्मीदवारों को विजयी घोषित न करे, जहां किसी और पार्टी के उम्मीदवार नामांकन न कर पाए हों. बता दें कि टीएमसी के ऐसे करीब 18 हजार उम्मीदवार हैं. आज वोटिंग के बाद मतगणना 17 मई को होगी.