केंद्र में मोदी सरकार के आज चार साल पूरे हो गए हैं. इस मौके पर बीजेपी और मोदी कैबिनेट के मंत्री सरकार की उपलब्धियां जनता के बीच पहुंचा रहे हैं. खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे.
इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा दिया. अमित शाह ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी जी अपने वादे पर खरे उतरे हैं. मोदी जी के नेतृत्व में हमने एक भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दी है. नरेंद्र मोदी सरकार ने किसानों के लिए काम किया.’ उन्होंने ये भी कहा कि विपक्ष नरेंद्र मोदी को हटाना चाहता है. जबकि मोदी के नेतृत्व में बीजेपी देश से भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और गरीबी को हटाना चाहती है.
नरेंद्र मोदी सरकार से ये सिद्ध कर दिया है कि गांव के साथ ही शहरों के लिए भी काम किया जा सकता है. मोदी सरकार ने समाज कल्याण के काम को किया. नरेंद्र मोदी सरकार ने बहुत सारे द्वंद खत्म करने का काम किया है. एक दिन में 15 से 18 घंटे काम करने वाला प्रधानमंत्री देखने का हमारा सौभाग्य है.
शाह ने कहा, ‘एक जमाने में अखबारों में 12 लाख करोड़ के भ्रष्टाचार के टाइटल बना करते थे, आज विकास के टाइटल बना करते हैं. मैं मानता हूं कि राज्यों के चुनाव में जीत मोदी सरकार के कामकाज पर जनता की मुहर है.’
उन्होंने कहा कि सात करोड़ घरों में शौचालय पहुंचाने का काम बीजेपी सरकार ने किया है. सरकार ने बिना किसी घोटाले के इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा काम किया है. शाह ने ये भी कहा, ‘नरेंद्र मोदी सरकार ने परिवारवाद, तुष्टिकरण और जातिवाद की राजनीति को बदलकर पॉलिटिक्स ऑफ परफॉरमेंस को आगे बढ़ाने का काम किया है. भाजपा ने देश को सर्वाधिक काम करने वाला प्रधानमंत्री देने का काम किया है, ये हमारे लिए गौरव कि बात है.’
मोदी के 4 साल पर शाह बोले- मोदी को हटाना चाहते हैं, हम गरीबी
Views 60