टीम इंडिया ने लोकेश राहुल के दूसरे टी-20 शतक और कुलदीप यादव के पांच विकेट की बदौलत मैनचेस्टर टी-20 में इंग्लैंड को 8 विकेट से पटखनी दे दी है. इसी के साथ ही विराट ब्रिगेड ने 3 मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवा कर 159 रन बनाए और टीम इंडिया को जीत के लिए 160 रनों का टारगेट दिया.
जवाब में टीम इंडिया ने 18.2 ओवर में 2 विकेट गंवा कर 163 रन बना लिए और इंग्लैंड को 8 विकेट से मात दे दी. लोकेश राहुल ने अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर का दूसरा शतक जड़कर टीम इंडिया को जीत दिलाई है. इससे पहले राहुल ने साल 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 शतक लगाया था.
राहुल ने 54 गेंदों में 10 चौके और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 101 रनों की पारी खेली. यह उनका टी-20 में दूसरा शतक है. वह टी-20 में दो शतक लगाने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले रोहित ने टी-20 में दो शतक जड़े हैं. रोहित ने इस मैच में 32 रन बनाए और राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 123 रनों की साझेदारी की. कुलदीप यादव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड दिया गया.
राहुल और रोहित के बीच यह साझेदारी तब आई जब शिखर धवन (4) सात के कुल स्कोर पर पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर डेविड विली का शिकार हो गए.
रोहित ने दूसरे छोर से स्ट्राइक रोटेट कर राहुल को मौके दिए और राहुल ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को जमकर धोया. इस साझेदारी को लेग स्पिनर आदिल राशिद ने इयोन मॉर्गन के हाथों रोहित को कैच करा तोड़ा. रोहित 130 के कुल स्कोर पर आउट हुए.
रोहित के जाने के बाद हालांकि कप्तान विराट कोहली मैदान पर उतरे और राहुल के साथ तीसरे विकेट के लिए 33 रन जोड़ अपनी टीम को जीत दिला ले गए. कोहली ने इस मैच में नाबाद 20 रन बनाए.
इंग्लैंड को 8 विकेट से दी मात लोकेश राहुल के दूसरे टी-20 शतक से जीता भारत
Views 153