IPL 2018:एमएस धौनी के सामने होगी आर अश्विन की चुनौती

Views 70

किंग्स इलेवन पंजाब और चेन्नई सुपरकिंग्स की टीमें आईपीएल-11 मुकाबले में जब आमने-सामने होंगी तब दो पुराने साथियों रविचंद्रन अश्विन और महेंद्र सिंह धौनी की भिड़ंत पर सभी की नज़रें टिकी रहेंगी। किंग्स इलेवन पंजाब टीम के कप्तान आर अश्विन आठ साल तक चेन्नई टीम में और एक साल पुणे टीम में एमएस धौनी के साथ खेलते रहे हैं। लेकिन चेन्नई टीम ने 11वें सत्र के लिए न तो अश्विन को रिटेन किया और न ही खरीदा। पंजाब टीम ने अश्विन को खरीदकर कप्तान बनाया और अब इस दिग्गज ऑफ स्पिनर के सामने यह चुनौती रहेगी कि वह अपनी पुरानी टीम और पुराने कप्तान के सामने खुद को साबित करें।
किंग्स इलेवन पंजाब ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ अपना पिछला मुकाबला चार विकेट से गंवाया था। अश्विन ने इस मैच में एक ही ओवर में दो विकेट लिए थे और 33 रन भी बनाए थे। पंजाब के सामने अपनी एकादश को दुरूस्त करने की कड़ी चुनौती है, जिसमें युवराज सिंह मध्यक्रम में कमजोर कड़ी साबित हो रहे हैं। युवराज ने दो मैचों में 12 और चार रन बनाए हैं। अश्विन के पास क्रिस गेल जैसा धुरंधर बल्लेबाज़ है, जिन्हें ओपनिंग में लाकर मयंक अग्रवाल को मध्यक्रम में उतारा जा सकता है। पंजाब टीम को अपनी लय बनाए रखने के लिए शीर्ष क्रम में बदलाव की जरूरत है।
दूसरी ओर चेन्नई की टीम ने अपने पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस को एक विकेट से और कोलकाता नाइटराइडर्स को एक गेंद शेष रहते पांच विकेट से हराया था। धौनी की टीम दो नज़दीकी मुकाबले जीतने के बाद पंजाब के खिलाफ जीत की हैट्रिक बनाने उतरेगी। धौनी की टीम को हालांकि दो झटके लगे हैं और उसके शेष छह घरेलू मैच चेन्नई से बाहर पुणे शिफ्ट हो गए हैं, जबकि बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना चोट के कारण दो मैचों से बाहर हो गए हैं। रैना की गैर मौजूदगी में चेन्नई के पास शेन वाटसन, अंबाती रायडू, सैम बिलिंग्स और ड्वेन ब्रावो जैसे मैच विजेता खिलाड़ी हैं। धौनी ने अपनी टीम को नाजुक मौकों पर जीत दिलाई है और उनकी पूरी कोशिश रहेगी कि वह इस मुकाबले में अपने पुराने साथी अश्विन की चुनौती को काबू कर लें।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *