संजू को दर्शकों ने हाथों-हाथ लिया है। संजय दत्त के किस्से लोगों को अच्छे लग रहे हैं और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। जिस तरह से फिल्म प्रदर्शन कर रही है उसे देख लग रहा है कि तीन सप्ताह तक यह धमाल जारी रहेगा। वैसे भी जुलाई के महीने में कोई बड़ी फिल्म प्रदर्शित नहीं हो रही है और संजू के लिए आगे का रास्ता साफ है।
फिल्म ने पहले दिन 34.75 करोड़ रुपये से बेहतरीन शुरुआत ली। यह किसी भी फिल्म का 2018 में पहले दिन का सर्वाधिक कलेक्शन है। दूसरे दिन कलेक्शन और बेहतर हुए। शनिवार को फिल्म ने 38.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। तीसरे दिन फिल्म ने 46.71 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक कलेक्शन किया। यह किसी भी हिंदी का एक दिन का सर्वाधिक कलेक्शन है।
चौथे दिन फिल्म के लगभग 22 करोड़ रुपये के कलेक्शन की उम्मीद है। इस तरह से चार दिनों में फिल्म लगभग 142 करोड़ का कलेक्शन करने में कामयाब रही है।